रसड़ा क्षेत्र के सावरा गांव के समीप टेलर के टक्कर से क्षतिग्रस्त हुई पूर्व मंत्री की कार। जागरु
बलिया। रसड़ा-फेफना मार्ग के संवरा चट्टी के पास सोमवार की रात लखनऊ से सर्मथकों के साथ घर लौट रहे पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल की कार को ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चली गई। कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया। खबर लगते ही पूर्व मंत्री के आवास पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों की भीड़ जुट गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच की मांंग की।
पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल समर्थकों के साथ सोमवार की रात को लखनऊ से पूर्वाचल एक्सप्रेसवे से रसड़ा-फेफना के रास्ते घर लौट रहे थे। संवरा चट्टी के पास सड़क किनारे कार खड़ी थी, उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। कार सड़क किनारे झाड़ी में जाकर रुक गई। टक्कर की तेज आवाज सुन आसपास के पहुंचे लोगों ने कार से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में लिया गया है, चालक को पकड़ा गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, मामले की जांच की जा रही है।