नगर की सड़क, बिजली और पानी की समस्या के निस्तारण के िलए नगर मजिस्ट्रेट बच्चा लाल मौर्य को बुके, फूल और माला देने पहुंचे छात्रनेता। अमर उजाला
नगर में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं पर छात्रनेताओं ने गांधीगीरी दिखाई है। शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट के पास छात्रनेता पहुंचे और उन्हें बुके, गुलाब का फूल और माला भेंटकर नगर की एक-एक समस्याएं गिनाई। बताया कि काफी समय से इन समस्याओं पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। जनता शिकायत करते-करते थक चुकी है। अब इन पर ध्यान नहीं दिया गया तो प्रशासन को छात्रों का आंदोलन झेलना पड़ेगा। नगर मजिस्ट्रेट को डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
छात्रनेता रानू पाठक ने नगर मजिस्ट्रेट से कहा कि कहा कि नगरपालिका अध्यक्ष की ओर से टेंडर बार-बार निरस्त कर विकास को अवरुद्ध किया जा रहा है। लक्ष्मी पंडित ने कहा कि नगर की सड़कें, बिजली तथा पानी की समस्या दिन प्रतिदिन उग्र रूप धारण कर रही है लेकिन प्रशासन की ओर से इसे दुरुस्त कराने का काम नहीं किया जा रहा है। सड़क के बीच में सीवर चेंबर बना दिया गया है। इसमें आए दिन बाइक सवार आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
टीडी कॉलेज के छात्रनेता राजेश कुमार सिंह ने कहा कि जनपद की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। रोस्टर के मुताबिक शहर हो या गांव कहीं भी बिजली नहीं मिल रही है। छात्रनेता रूपेश चौबे ने कहा कि जिला अस्पताल भ्रष्टाचार में लिप्त है। कुंवर सिंह कॉलेज के पूर्व उपाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि एक तरफ प्रदेश और केंद्र सरकार की ओर से बलिया को फोरलेन और नेशनल हाइवे की सौगात दी जा रही है, वहीं नगर से हाइवे तक जाने वाली सड़कें खराब हैं, इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इस मौके पर चंदन ओझा, ओमकार सिंह, धीरेंद्र कुमार, रोहित चौरसिया, मनीष राय, दीपक यादव, नन्हें सिंह आदि उपस्थित रहे।