स्वतंत्रता सेनानी स्व. रामलक्षण तिवारी की दूसरी पुण्यतिथि गुरुवार को कस्बा में मनाई गई। इसमें वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षामंत्री रामगोविंद चौधरी उपस्थित रहे। कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने के लिए युवाओं को आगे आना होगा।
इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आज भारत सेनानी और शहीदों के सपनों के विपरीत बन गया है। क्योंकि सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करते हुए प्राणों की आहुति देकर हम लोगों को स्वतंत्र भारत में रहने का मौका दिया लेकिन हम अपने आचरण में सुधार नहीं ला रहे हैं।
हर तरफ लूटखसोट मची हुई है। इससे हमारी परंपरा और संस्कृति खतरे में है। एक बार हम फिर से गुलामी की ओर उन्मुख हैं। उन्होंने युवाओं और छात्रों से आह्वान किया कि वे देश में पुन: क्रांति लाएं और भ्रष्टाचार का उन्मूलन करें। उन्होंने सेनानी पंडित राम लक्षण के नाम पर गेट और बांसडीह मनियर से लेकर जो सड़क उनके घर तक गई है, उसे उन्हीं के नाम से करने का ऐलान किया।
विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री बच्चा पाठक ने कहा कि जैसे माता की ऋण पुत्र कभी चुका नहीं सकता। उसी प्रकार सेनानियों की गई कुर्बानी को भी हम चुका नहीं सकते। इस मौके पर व्यासजी गोंड, नीरज सिंह, शशिभूषण मिश्र, संजय सिंह, राणाप्रताप, राजेंद्र प्रताप सिंह, मंटू सिंह, पीएन सिंह, हरेंद्र सिंह, रामनरेश तिवारी, राकेश तिवारी आदि लोग रहे। ब्लाक प्रमुख उमाशंकर पांडेय और संचालन प्रतूल कुमार ओझा ने किया।