बलिया। प्रैक्टिस के दौरान प्राथमिक विद्यालय सोनाडीह की छात्रा व फुटबाल खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए आजमगढ़ के वेदांता हास्पिटल में भर्ती कराया गया। बाद में पता चला कि उसके परिजन काफी गरीब हैं और इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं। इसके बाद अलग-अलग खेल संघ से जुड़े लोगों ने बच्ची के परिजनों की आर्थिक मदद के लिए अपील की। अमर उजाला को मामले की जानकारी हुई तो तत्काल इसकी जानकारी युवा कल्याण व खेल राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार उपेंद्र तिवारी को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने भी खिलाड़ी के परिजनों को पांच हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई।
मिली जानकारी के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के गौरीताल घोषा निवासी बांसदेव यादव की पुत्री निशु यादव सोनाडीह प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती है। वह बीते 14 जून को प्रैक्टिस के दौरान बुरी तरह चोटिल हो गई। क्षेत्र के डॉक्टरों ने जवाब दे दिया तो परिजन उसे लेकर आजमगढ़ वेदांता अस्पताल पहुंचे। वहां उसका इलाज चल रहा है। इस बीच उसके परिजनों की जमां पूंजी खत्म हो गई तो परिजन उसे अस्पताल से घर लाने की सोच रहे थे। जब इसकी जानकारी खेल संघ से जुड़े लोगों को हुई तो उन्होंने बच्ची की मदद करने के लिए अपील की। बलिया ओलंपिक एसोसिएशन के नाम से वाट्सएप ग्रुप चलाने वाले बलिया ओलंपिक संघ के सचिव धीरेंद्र शुक्ला की अपील कई संगठन के पदाधिकारियों ने खिलाड़ी के परिजनों के लिए आर्थिक मदद दी। इस बीच मामले की जानकारी अमर उजाला को हुई तो तत्काल इसकी जानकारी मंत्री उपेंद्र तिवारी को दी गई। अमर उजाला की सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आजमगढ़ आरएसओ को बच्ची की मदद के लिए कहा। आरएसओ ने मंत्री के निर्देश पर किसी कोच के माध्यम से आजमगढ़ में खिलाड़ी के परिजनों को पांच हजार रुपये की सहायता पहुंचाई।