हल्दी। जिला प्रशासन के द्वारा बाढ़ पीड़ितों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित कुछ गांवों में राशन वितरण कर दिया गया जबकि कई गांवों के बाढ़ पीड़ित उपेक्षित हैं।
क्षेत्र के 16 गांवों में गंगा की बाढ़ ने तबाही मचाई थी। जिसमें अभी तक सिर्फ तीन ग्राम पंचायत में ही राशन वितरण हुआ वह भी आधा अधूरा। क्षेत्र सुजानीपुर, रेपुरा, हरिहरपुर, बहादुपुर, चैनछपरा, बजरहा, राजपुर एकौना, उदवंतछपरा, नेमछपरा,नंदपुर, बबुरानी, हल्दी व भरसौता बादिलपुर पोखरा आदि गांव में बाढ़ का पानी घुस गया था। जिला प्रशासन की ओर से सुजानीपुर, उदवंतछपरा व राजपुर एकौना में बाढ़ राहत वितरण किया गया लेकिन वह भी आधा अधूरा ही। इसके अलावा हल्दी, सुल्तानपुर, भरसौता, नन्दपुर, बहादुपुर, बजरहा, चैनछपरा आदि गांवों में अभी तक राहत सामग्री नहीं पहुंच सकी है। हल्दी ग्राम प्रधान शिवजी यादव, बजहरा प्रधान भुनेश्वर राय, पोखरा प्रधान संतोष सिंह, नन्दपुर प्रधान अशोक पांडेय, बहादुपुर प्रधान प्रतिनिधि प्रेम शंकर कन्नौजिया ने बताया कि हमारे ग्राम सभा में अभी तक खाद्यान्न वितरण नहीं हुआ है। इस बाबत उपजिलाधिकारी सदर अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि पर्याप्त खाद्यान्न उपलब्ध नहीं है। हल्दी क्षेत्र में एक ट्रक राशन भेजवाया गया है। जैसे-जैसे उपलब्ध होगा सबको राशन दिया जायेगा।