बलिया। विकासखंड बेलहरी के बजरहां चैन छपरा गांव के बाढ़ पीड़ितों ने प्रधान तारा चौबे नेतृत्व में शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान पीड़ितों ने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन में कहा है कि बजरहां चैनछपरा गांव गंगा किनारे स्थित है। यहां के लोग बाढ़ से पीड़ित हैं लेकिन जिला प्रशासन की ओर से अब तक बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। राहत सामग्री के लिए जब लेखपाल से ग्रामीणों ने पूछा तो राहत सामग्री कब तक वितरित की जाएगी तो उनका कहना था कि ग्रामसभा चयन छपरा बाढ़ आपदा सूची में शामिल नहीं है। इसके कारण आप लोगों को राहत सामग्री नहीं वितरित की जाएगी। चैन छपरा गांव के बाढ़ पीड़ित राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर शरण लेने को विवश हो गए थे। बावजूद जिला प्रशासन की ओर से राहत सामग्री वितरित नहीं की जा रही है जिससे ग्रामीणों में जिला प्रशासन के प्रति रोष है। ज्ञापन देने वालों में वीर बहादुर प्रसाद, अनिल कुमार, लक्ष्मण, मदन प्रसाद, नंदजी प्रसाद, सुनील, छट्ठू प्रसाद, रीना देवी, इंदू देवी, जूना प्रसाद, जयशंकर प्रसाद, महेश प्रसाद, धनु, विजय शंकर चौबे, कामेश्वर प्रसाद, राजस्थान चौबे, विक्की चौबे, मनोज प्रसाद, अनीश गुप्ता, नीतीश कुमार, मोनू प्रसाद, मनोज कुमार गुप्ता, दिलीप कुमार गुप्ता, प्रिंस चौबे, हैपी चौबे, धारा प्रसाद, ओमप्रकाश, बबन प्रसाद, सुनील प्रसाद आदि मौजूद रहे।