बलिया। नगर के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में सोमवार को पांच दिवसीय बलिया महोत्सव का शानदार आगाज हुआ। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व सीआरओ त्रिभुवन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महोत्सव के पहले दिन बंगाल के विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म बंगाल 1947 की विशेष प्रस्तुति की गई। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली फिल्म को मंत्री सहित सैकड़ों लोगों ने देखा। फिल्म में बंगाल बंटवारे की त्रासदी को प्रदर्शित किया गया है। महिलाओं पर हुए जुल्म को जिस तरह से चित्रित किया गया है, इसे देख लोग द्रवित हो उठे। आयोजन में फिल्म के डायरेक्टर आकाश आदित्य लामा, फिल्म अभिनेता अंकुर अरमान, अभिनेत्री सुरभि कृष्णा, सह कलाकार विक्रम आदि सभी कलाकारों को मंत्री दयाशंकर सिंह ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र के कपिलदेव, जितेंद्र राव, सोनू सिंह, देवेश राय, राघव सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
दिव्यांगों को दी गई मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
बलिया। सदर विधायक व प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के सौजन्य से नारायणी सिनेमा स्थित कैंप कार्यालय में दिव्यांगजनों को मोटराईज्ड ट्राई सायकिल का वितरण किया गया। इस दौरान मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह ने छह दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राई सायकिल व अन्य उपकरण का वितरण किया। ट्राई साइकिल भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिम्को कानपुर आसरा केंद्र बलिया के निधि सिंह के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई थी। अमिताभ उपाध्याय, हर्ष सिंह, शिवजी सिंह चंदेल, मनीष सिंह आदि मौजूद रहे।