बलिया। नौतपा भले ही सोमवार से शुरू हुआ है लेकिन बीते आठ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है। सोमवार को भी दिनभर तपिश बरकरार रही। इस बीच बिजली ने भी लोगों की परीक्षा ली। शहर में कई इलाकों में 10 घंटे से ज्यादा समय तक गुल रही।
सोमवार को सुबह सात बजे के बाद से ही तेज गर्मी व उमस पड़ने लगी। शाम को पांच बजे तक राहत नहीं मिली। सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। दोपहर एक से तीन बजे तक तो स्थिति काफी खतरनाक हो गई। जिसके कारण मुख्य सड़कों पर भीड़ काफी कम नजर आई। खासतौर पर दुपहिया वाहन चालकों व पैदल चलने वालों को अधिक समस्याएं हुईं। अनेक लोग पेड़ की छांव तलाशते नजर आए। गर्मी से बचाव के लिए लोग शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। दोपहर में गर्म हवाओं से लू का भी असर बना रहा। बदन को झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का घर से निकलना मुहाल कर दिया है। लोग जरूरी होने पर ही चेहरे को ढककर बाहर निकल रहे हैं। गांधी महाविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि ऐसा ही मौसम अभी एक हफ्ते और रहेगा।
उधर बिजली कटौती का हाल रहा कि शहर के भृगु आश्रम, कदम चौराहा, सतनी सराय, राजपुत निवरी, बनकटा, जगदीशपुर, तीखमपुर में अलग-अलग समय पर 24 घंटे में से 10 घंटे तक कटौती रही। अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार जायसवाल ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठीक करने और फॉल्ट दूर करने के लिए सब स्टेशनों पर अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। रात में बेहतर आपूर्ति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
-
इस तरह चढ़ता जा रहा तापमान
तिथि-अधिकतमन्यूनतम
16 मई-40-26
17 मई-41-27
18 मई-41-28.5
19 मई-40.5-29
20 मई-40.5-28.5
21 मई-41.5-29.5
22 मई41.5 27
23 मई41.228
24 मई4231
25 मई 40-29
रात में कटौती कम करने को अलर्ट हुए विद्युत निगम के अधिकारी
भीषण गर्मी और बिजली की भारी मांग के कारण विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ी अघोषित कटौती को कम करने के लिए अब रात को सब स्टेशनों पर अधिकारी रतजगा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद रात की सप्लाई किसी तरह की दिक्कत न हो, इसको लेकर विद्युत निगम के कर्मी रात को पूरी तरह से सप्लाई सिस्टम पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुश्किल से चार-पांच घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही थी। निगम की तरफ से सब स्टेशनों पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को फाॅल्ट को तुरंत ठीक करने, लो वोल्टेज की समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। रात को अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार जायसवाल ने गड़वार उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओवरलोड ट्रांसफाॅर्मरों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
नगरा को शहरी रोस्टर से बिजली देने की मांग
सिकंदरपुर। विधानसभा सिकंदरपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट से लोग परेशान हैं। इन क्षेत्रों में स्थिति इतनी बदतर है कि लोगों को दिन-रात मिलाकर कुल 7 से 8 घंटे भी ढंग से बिजली नहीं मिल पा रही है।