जनपद में बुधवार रात से लेकर गुरुवार शाम तक आग ने जमकर कहर मचाया। भीषण गर्मी के बीच पछुआ हवाओं का शह पाकर आग और भयानक होती गई और इस पर किसी का जोर नहीं चला। आखिरकार लाखों की संपत्ति तो नष्ट हुई ही, अब सैकड़ों परिवारों को खाने के लाले भी पड़ गए हैं। बैरिया, चितबड़ागांव, बांसडीहरोड कई की रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। उधर रसड़ा में एक शादी समारोह में लगी आग से सभी की खुशियां काफूर हो गईं। गहने, कपड़े से लेकर शादी के सारे सामान जल गए।
दोकटी थाना क्षेत्र के दोकटी गांव निवासी तेजन यादव के मड़हे में गुरुवार की सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसके बाद आठ मड़हे और गृहस्थी के सामान जलकर राख हो गए। घटना में सुमितरी देवी (53) भी गंभीर रूप से झुलस गई। एक बछिया, एक बछड़ा जलकर मर गए। एक गाय झुलस गई। अगलगी में तेजन यादव का 30 हजार नकदी के साथ ही 25 कुंतल गेहूं जलकर राख हो गया। वहीं बब्बन यादव, सुजीत यादव और अजीत यादव के दो-दो मड़हे और दैनिक उपभोग के सामान भी जल गए।
चितबड़ागांव नगर पंचायत के मालवीय नगर स्थित मर्चेंट इंटर कॉलेज के पीछे विद्युत तार की चिंगारी से गुरुवार की सुबह लगी आग में छह परिवारों की रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। सबसे पहले देवकुमार तिवारी के घर से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। इसके बाद रवींद्र तिवारी, नरेंद्र तिवारी, आनंद प्रकाश तिवारी, अभिषेक तिवारी, योगेंद्र तिवारी के घर भी जलने लगे। घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। अगलगी में योगेंद्र तिवारी की पांच हजार रुपये नकदी भी जल गई।
बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में 15 परिवारों की 31 रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई। सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। सुरेंद्र राजभर के की झोपड़ी से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। इसके बाद हरेंद्र की तीन, रवींद्र की तीन, राजेंद्र की तीन, वीरेंद्र की दो, रामाधार की दो, तापचंद्र की दो, शिवबालक की दो, गौरीशंकर की दो, शंभू की दो, प्रेमचंद्र की दो, मुख्तार की दो, उमा की दो, ताराचंद्र की दो रिहायशी झोपड़ी भी जलने लगी।
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के आमघाट गांव में एक शादी समारोह में दीपक से लगी आग में छह रिहायशी झोपड़ी जहां जलकर राख हो गई। वहीं शादी का सारा सामान, कपड़े, गहने आदि सब कुछ जलकर नष्ट हो गए। आमघाट निवासी राजेश्वर निषाद के यहां गाजीपुर जनपद के कासिमाबाद आंवरापुर निवासी रामचंद्र के यहां से बारात आई थी। पुत्री शोभा के साथ रामचंद्र के बेटे योगेश का वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच मंडप में जल रहे दीपक से मंडप में आग लग गई। जब तक आग बुझाते, छह रिहायशी झोपड़ियों तक आग पहुंच गई। शादी का सारा सामान, कपड़े, गहने, 25 हजार नकदी आदि सब कुछ जलकर राख हो गए। आग बुझाने में लक्ष्मण चौधरी भी झुलस गए।
बैरिया थाना क्षेत्र के चांद दियर पुलिस चौकी के समीप बीएसटी बंधे पर बसे कटान पीड़ितों की झोपडिय़ों में गुरुवार की दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग में 20 मड़हे जलकर राख हो गए। बैरिया थाना अठगांवा पंचायत छक्कू टोला निवासी मुन्ना पासवान अपने मड़हे के बाहर खड़े थे कि अचानक आग की लपटें देखीं। देखते ही देखते दयाशंकर चौधरी, मुन्ना चौधरी, जगन्नाथ चौधरी, शत्रुघ्र पासवान, पारस पासवान, शिवनाथ पासवान, राजेंद्र पासवान, शांति देवी, सुनील साह की मड़हे राख हो गए।
उधर बैरिया थाना क्षेत्र के सिवन टोला राघव बस्ती में रवींद्र यादव के खटाल में अचानक बिजली का तार टूटकर गिर जाने से आग लग गई। इससे दो गाएं मर गई, और चार झुलस गई हैं। उधर बैरिया थाना क्षेत्र के मिश्र के मठिया गांव में शिवमंगल गोंड के घर अज्ञात कारणों से बुधवार की देररात आग लग गई। जिसमें छह लोगों के नौ मड़हे जलकर राख हो गए।
सहतवार थाना क्षेत्र के कोलकला पकड़ी तर में लगी भीषण आग में 100 झोपड़ी जलकर राख हो गईं। घरों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। गुरुवार सुबह व्यास बिंद के घर से अचानक आग की लपटें उठनी शुरू हुई। अभी कोई कुछ समझ पाता कि आग फैल गई। आग से सुरेंद्र बिंद, दशथ राजभर, हरि नारायण, रघुवीर, शिवानंद, दुलारी, सुरेंद्र, मुन्ना, तुलसी, बब्बन, अभय, विनोद, कमलदेव, पतिराम, गुलाब, ज्ञानदीप, मोनू, छोटेलाल, हरिंद्र, बहादुर, बेचन, देवकी, लाल बहादुर, देवनाथ, लाल साहब, प्रभावती, शिवजी चौरसिया, भरत चौरसिया, जगलाल बिंद, पिंटू चौरसिया, धर्मेंद्र चौरसिया, कामेश्वर चौरसिया, भरत चौरसिया, पिंटू चौरसिया, वीरेंद्र, अवधेश, खखन, दसही, बलिराम, शिवजी, देवकुमार, विनोद, शंकर, उमेश, राजेंद्र, बुढ़ऊ, रामजन्म, राजेश, रामनारायण, संगीता की झोपड़ी को भी जलने लगीं। अगलगी में व्यास की एक गाय झुलसने के साथ सुरेंद्र बिंद की दो बकरियां मर गईं। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद मंत्री रामगोविंद चौधरी, भाजपा नेत्री केतकी सिंह, रौशन सिंह, शिवशंकर चौहान ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया।