Ballia Latest News: बलिया जिले में स्कूल के पास की दो दुकानें जलकर राख हो गईं। साथ ही स्कूल की खिड़कियां भी जल गईं। दुकानदार रात में दुकान बंद कर घर गए और आधी रात के बाद करीब एक बजे आग लगने की सूचना पर पहुंचे तो सारे सामान जल चुके थे।
बलिया जिले के सिकंदरपुर-नगरा मार्ग पर स्थित जूनियर हाईस्कूल सिकंदरपुर के समीप रविवार देर रात आग लगने से दो दुकानों की पूरी संपत्ति जलकर राख हो गई। इस घटना में दुकान संचालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं आग की लपटें पास के स्कूल तक भी पहुंच गईं, जिससे विद्यालय की खिड़कियां जल गईं।
विज्ञापन
ये है मामला
जानकारी के अनुसार मिश्रचक निवासी सोहन प्रसाद खरवार की चाय-मिठाई की दुकान तथा तिवारीपुर निवासी बैजनाथ राजभर की सब्जी की दुकान जूनियर हाईस्कूल के बगल में थी। प्रतिदिन की भांति दोनों दुकानदार रविवार की रात अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए। देर रात करीब एक बजे पुलिस प्रशासन की ओर से फोन पर दुकान में आग लगने की सूचना मिली।
दुकान पहुंचने से पहले आग की भेंट चढ़ गया सारा सामान
जब तक दुकानदार मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। सोहन प्रसाद खरवार ने बताया कि उन्होंने स्वयं सहायता समूह से 40 हजार रुपये ऋण लिया था, जो दुकान में ही रखा था। इसके अलावा उनके बच्चों के शैक्षिक प्रमाण पत्र भी दुकान में ही थे, जो जलकर नष्ट हो गए। वहीं बैजनाथ राजभर की सब्जी दुकान में रखा पूरा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
दोनों दुकानें जूनियर हाईस्कूल की दीवार से सटी हुई थीं, इसलिए आग का प्रभाव विद्यालय तक भी पहुंचा। स्कूल की खिड़कियां जल गईं। फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुका है और मामले की जांच कर रहा है। पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।