बलिया। शहर के चौक स्थित एक अटैची के शोरूम में शार्ट सर्किट से शनिवार की देर रात आग लग गई। देखते ही देखते आग दो मंजिला शो रूम में फैल गई। शोरूम से धुआं निकलता देख आसपास के कपड़ा दुकानदारों में खलबली मच गई। दुकानदार दुकान छोड़ बाहर भागने लगे। मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया गया। घटना में दर्जनों अटैची, बैग सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।
लगन का सीजन होने के कारण शहीद पार्क चौक में चहल पहल थी, दुकानदार दुकानें बंद कर रहे थे, उसी दौरान अटैची के एक शोरूम से धुआं निकलने लगा। आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। सभी कर्मचारियों व ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। शोरूम से सटे कपड़े की दुकान के कर्मचारी अग्निशमन सिलिंडर लेकर पहुंचे। शार्ट सर्किट होने के कारण किसी ने प्रयोग नहीं किया। दुकानदारों की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने शोरूम की बिजली काट कर आग पर काबू पाया। शुक्र रहा कि आग विकराल रूप नहीं ले सकी, अन्यथा आसपास कपड़े की दुकान होने से भारी क्षति होती। शोरूम मालिक सुनील सिंह ने कहा कि अगलगी की घटना में कंपनी की कई अटैचियां, बैग व अन्य कीमती सामान का नुकसान हुआ है। सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।