चितबड़ागांव कस्बा में शार्ट सर्किट से लगी आग में जली मकान में रखा गया सामान।संवाद
चितबड़ागांव। नगर पंचायत चितबड़ागांव के चेयरमैन अमरजीत सिंह के बलिया–गाजीपुर मार्ग स्थित नवनिर्मित आवास में बुधवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
चेयरमैन की पत्नी प्रिया सिंह सुबह बच्चों के स्कूल के लिए किचन में लंच बनाने पहुंचीं। अचानक शॉर्ट सर्किट से से लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कुछ ही पलों में टीवी, एसी, सोफा सहित अन्य घरेलू सामान जल गए। सूचना पर थानाध्यक्ष बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों आग पर काबू पा लिया था। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। नायब तहसीलदार प्रतीक यादव, क्षेत्रीय लेखपाल सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।चेयरमैन का यह आवास करीब एक वर्ष पूर्व ही बना था।