बांसडीह/घोघा। सुल्तानपुर गांव के टोलापुर में शनिवार रात शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से लगी आग में 12 झोपड़ियां जल गईं। पीड़ितों के घरेलू सामान, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण जलकर राख हो गए। दो बकरियां भी जलकर मर गईं।
पहले गांव के खेदारु तुरहा की झोपड़ी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। इसके बाद आग तेजी से फैलते हुए पास स्थित अन्य झोपड़ियों तक पहंुच गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम समय पर घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। दिलीप तुरहा, सागर, पुर्नवासी, तारा देवी, मिथुन, डब्लू, राहुल, देव कुमार यादव की झोपड़ियां जल कर नष्ट हो गईं। हादसे में पीड़ित परिवारों की पूरी गृहस्थी का सामान, नकदी जलकर नष्ट हो गई।
ट्रांसफाॅर्मर के इंसुलेटर में लगी आग : रतसर। कस्बा के गांधी आश्रम चौराहा पर एचटी लाइन से जुड़े ट्रांसफाॅर्मर के इंसुलेटर में शनिवार को देर सायं तेज आवाज के साथ आग लग गई। चिंगारी आसपास स्थित दुकानों के ऊपर गिरने लगी, जिससे अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि कुछ समय बाद आग स्वतः बुझ गई। लोगों ने राहत की सांस ली अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रांसफार्मर के आसपास अतिक्रमण कर गुमटी व खुले में कई तरह की दुकानें संचालित होती हैं। आए दिन दुर्घटना की संभावना होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अवैध अतिक्रमण नहीं हटाए जाने से लोगों में रोष है। इधर इंसुलेटर के जलने से संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। संवाद