कोतवाली पुलिस ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बेचू राम की तहरीर पर जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में फर्जी मतदान करने पहुंचे छह लोगों के विरुद्ध धारा 419 एवं 171 एफ के तहत मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया, लेकिन अज्ञात में। फर्जी मतदाताओं को पोलिंग के दौरान ही पकड़ा गया था। पोलिंग कर्मचारियों ने इन्हें शहर कोतवाली पुलिस के हवाले किया था। इसके बाद भी पुलिस ने इन्हें छोड़ दिया और मुकदमा भी अज्ञात में दर्ज किया गया। ऐसे में चर्चा है कि पुलिस ने सत्ता पक्ष के दबाव में नाम नहीं खोले हैं।
तहरीर में उल्लेख किया गया है कि शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा था, जहां छह लोग अन्य मतदाता के स्थान पर मत डालने परिसर में प्रवेश कर घूम रहे थे। जिनके पास सदस्य पद के संदिग्ध प्रमाण पत्र एवं आईडी मिली। जिन्हें पकड़ कर कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कुछ देर बाद छोड़ दिया। इस बाबत शहर कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।