बलिया। उभांव थाना की तुर्तीपार ग्रामसभा के मुजौना गांव में युवकों के दो गुटों में हाथापाई और तमंचा तानने व फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। एसपी ने मामले की जांच सौंपी थी। हल्का प्रभारी ने जांच में पाया कि घटना 16 अप्रैल को ग्राम मुजौना की है। तिलक कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ था। जांच के बाद केस दर्ज कर असलहा लहराने वाले व्यक्ति की शिनाख्त समीर उर्फ मन्टू के रूप में हुई है।
वायरल वीडियो में पांच छह युवक कही जाते दिखाई दे रहे थे। सामने से दो लड़कों ने रास्ता रोकते हुए कहासुनी की। रास्ता रोकने वाले युवक ने कमर से पिस्टल निकाल ली, जिसे देख सभी लड़के भागने लगे। हथियार लेकर लड़के ने सभी को दौड़ा लिया। वहीं, दूसरी वीडियो में दो लड़के आपस में मारपीट कर रहे थे।
एएसपी अनिल झा ने बताया कि वायरल वीडियो 16 अप्रैल की मुजौना गांव का है। तिलक समारोह के दौरान दो गुट नशे में धुत आपस में भिड़ गए थे। आरोपी समीर गौतम उर्फ मन्टू निवासी कस्बा आजाद नगर बेल्थरारोड थाना उभांव को मिश्रौली अवायां मार्ग से गिरफ्तार किया गया। संवाद