लालगंज। कोर्ट के आदेश पर दोकटी थाने में सुदर्शन सिंह इंटर काॅलेज बहुआरा के प्रिंसिपल अजय यादव और 12वीं के अध्यापक कपिल सिंह के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोकटी थाना क्षेत्र के सत्यनारायण सिंह निवासी लच्छूटोला ग्राम पंचायत दलकी नंबर एक ने न्यायालय में वाद दाखिल कर आरोप लगाया था कि 22 जनवरी को अपनी बेटी काजल के साथ सुदर्शन सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज बहुआरा गया था। 12वीं के क्लास टीचर से प्रवेश पत्र मांगा। बताया गया कि आपसे 10 हजार रुपये मांगा गया था, जो नहीं दिया। इस कारण आपकी बेटी का नाम डिलीट कर दिया गया है। वह परीक्षा नहीं दे पाएगी। क्लास टीचर के साथ प्रिंसिपल अजय यादव के यहां शिकायत के लिए गया तो उन्होंने भी 10 हजार नहीं देने के एवज में पुत्री का नाम डिलीट होने की बात बताई। विरोध करने पर अजय यादव और कपिल सिंह ने गालियां देते हुए पिटाई कर दी। स्कूल में दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से की पर लेकिन प्राथमिकी नहीं लिखी गई। कोर्ट के आदेश पर अब दोकटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी अनुपन जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुदर्शन सिंह इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल अजय यादव ने बताया कि मारपीट और गाली गलौज की बात गलत है। झूठे मुकदमे में फंसाया जा रहा है।