भोजपुरी सिने स्टार एवं गायक पवन सिंह के खिलाफ पत्नी ज्योति सिंह की ओर से दाखिल भरण-पोषण के मामले में बुधवार को परिवार न्यायालय में सुनवाई हुई। पेशी पर पवन सिंह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। इस पर अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कमलापति ने उन पर एक हजार रुपये का हर्जाना लगाया। अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख पर पवन सिंह को उपस्थित होने के लिए तलब किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मिड्ढी मोहल्ला निवासी ज्योति सिंह ने करीब तीन वर्ष पहले परिवार न्यायालय में भरण-पोषण के लिए वाद दाखिल किया था। वर्तमान में यह मामला अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय कमलापति की अदालत में विचाराधीन है। बुधवार को सुनवाई के दौरान पवन सिंह की अनुपस्थिति पर अदालत ने हर्जाना लगाया और अगली तारीख पर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।