चिलकहर। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रत्तोपुर गांव में मंगलवार को चुनावी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट व हवाई फायरिंग हुई। जिसमें महिलाओं समेत छह लोग चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ कर रही है। इसको लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। इसको देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जाता है कि रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रत्तोपुर गांव में संजीत सिंह व अरविंद सिंह खरवार के बीच पिछले चार दिन पहले चुनावी बात को लेकर बहस हुई और इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। जिसमें कुछ लोग घायल हो गए थे। मंगलवार की दोपहर फिर उसी चुनावी बात को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। बताया जाता है कि इस दौरान हवाई फायरिंग भी हुई है। मारपीट में महिलाओं समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो दोनों लोग प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी हैं जो अपने अपने वर्चस्व को लेकर भिड़ गए।