रेवती थाना क्षेत्र के नारायणगढ़ गांव में दो भाइयों के बीच जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक पक्ष के दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट गई। बताया जाता है कि नारायणगढ़ निवासी वीरेंद्र सिंह घर के सामने स्थित जमीन में भूसा रखने के लिए अपने पुत्रों के साथ पटिया तथा छप्पर रख रहे थे। इसी बीच उनके भाई अनिल सिंह ने उसे अपनी जमीन बताते हुए कार्य करने से मना किया।
इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच तू तू मैं मैं के बाद मारपीट हो गई और दोनों पक्षों से धारदार हथियार भी चले। इसमें एक पक्ष के शेषनाथ सिंह 35 पुत्र वीरेंद्र सिंह जहां गंभीर रुप से घायल हो गए वहीं छोटे भाई विभूति सिंह को भी चोटें आई। घायलों को सीएचसी रेवती ले जाया गयाजहां शेषनाथ सिंह को चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए जिला चिकित्सालय को रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक शैलेष सिंह,एसआई सूर्यकान्त पाण्डेय ने कार्रवाई शुरु कर दी। उधर, सूचना पर पहुंचे सीओ बैरिया अशोक कुमार ने घटना स्थल का जायजा लिया। घायल शेषनाथ की बहन उर्वशी सिंह ने तीन नामजद के खिलाफ तहरीर दी है।