बलिया में एक पिता ने ही अपने 15 दिन के मासूम बेटे का सौदा कर दिया। पति के डर से जन्म देने वाली मां भी चुप रही, लेकिन लाल के लिए ममता उमड़ने पर वह पुलिस के पास पहुंची और सारी बात बताई। पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए बच्चे की सौदेबाजी में शामिल महिला के पति, खरीदार, मध्यस्थता करने वाले चिकित्सक व महिला दलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से नवजात के साथ ही करीब 1.23 लाख रुपये बरामद किया है। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया।