चिलकहर/गड़वार। बलिया-गड़वार मार्ग के नारायणपाली गांव के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार हरेराम यादव की मौत हो गई। हरेराम का एक हाथ कट कर सड़क पर पड़ा था। बाइक पर बैठे पुत्र और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ देर बाद पहुंचे आसपास के लोगों ने दोनों बच्चों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष गड़वार राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि फेफना थाना क्षेत्र के भीखमपुर निवासी हरेराम यादव (40) अपनी पुत्री सलोनी (12) व पुत्र रविकांत (10) को लेकर मोटरसाइकिल से किसी काम से गड़वार बाजार गए थे। गांव से तीन किलोमीटर पहले नारायणपाली के समीप अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। इससे हरेराम की मौके पर ही मौत हो गई। घायल पुत्र और पुत्री सड़क पर पड़े थे। राहगीरों और आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल भेजा। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
आंखों के सामने पिता ने तोड़ा दम, पास नहीं पहुंच रहे थे बच्चे : दोनों बच्चों की आंखों के सामने ही पिता की मौत हो गई लेकिन घायल अवस्था में होने के कारण पिता के पास तक नहीं पहुंच पा रहे थे। दोनों बच्चे किसी को चिल्लाकर घटना भी नहीं बता पा रहे थे। हरेराम को और पुत्र है, जो बड़ा है। हरेराम बाहर प्राइवेट नौकरी करते थे। जो रक्षाबंधन से एक दिन पहले घर आए थे।