रतसर स्थित नलकूप संख्या बीजी एक के टैंक निर्माण कराते किसान।संवाद
रतसर। फसल की सिंचाई के लिए परेशान किसानों ने चंदा इकट्ठा कर सरकारी नलकूप के टैंक का निर्माण कराया। कस्बे के उत्तरी छोर पर स्थित सरकारी नलकूप बीजी-1 का डिलीवरी टैंक संबंधित जेई व ठेकेदार ने अक्तूबर में यह कहकर तुड़वा दिया था कि नए टैंक का निर्माण कराया जाएगा। नलकूप विभाग के एक्सईएन संजीव कुमार ने बताया कि नलकूप क्यों तोड़ा गया, इसकी जानकारी नहीं हैं। जांच कराकर निर्माण न कराने वाले पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी टैंक का निर्माण नहीं कराया गया। इससे किसानों को सिंचाई की परेशानी होने लगी। खेतों की सिंचाई के लिए परेशान किसानों ने चंदा इकट्ठा कर डिलीवरी टैंक और मुख्य नाली का निर्माण करा दिया। किसान नथुनी सिंह ने बताया कि रबी की फसलों की सिंचाई के लिए किसान कई बार टैंक निर्माण के लिए नलकूप विभाग द्वितीय के अधिशासी अभियंता से मिलने गए लेकिन मुलाकात नहीं हुई। नीचे के अधिकारी किसानों की समस्याओं को सुनने को तैयार नहीं है। संबंधित ऑपरेटर सुशील कुमार से भी वार्ता की गई, लेकिन उन्होंने भी निर्माण की जिम्मेदारी विभाग की बताई। सिंचाई के अनुकूल समय देखते हुए किसानों ने चंदा इकट्ठा कर डिलीवरी टैंक व मुख्य नाली का निर्माण कराया।
निर्माण कार्य में अशोक पांडेय, गनेश वर्मा, हीरालाल वर्मा, बिकाऊ सिंह, बालचंद धोबी, राधा धोबी, रामदेव राजभर, रामराज राजभर ने सहयोग दिया।