बलिया। जिले में बृहस्पतिवार को आई आंधी-पानी व बिजली से चार लोगों की मौत हुई है। मृतकों के परिवार को शासन की तरफ से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
बृहस्पतिवार को आई आंधी में पेड़ गिरने से कई गांवों की बिजली आपूर्ति 48 घंटे से बाधित है। आपदा प्रभावित गांवों का आकलन तेज हो गया है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार बांसडीह व सदर तहसील में बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हुई है।
बांसडीह व सिकंदरपुर तहसील में आंधी के दौरान पेड़ व झोपड़ी के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने पहले ही घोषणा कर दी है। आंधी में गिरे मकानों में दबने से आठ पशु मर गए हैं। पशु पालकों को 37500 रुपये प्रति पशु के हिसाब से आर्थिक सहायता देने की तैयारी है।
वहीं, तीन टिनशेड मकान आंधी-पानी में गिरे हैं। इन पीड़ित परिवार को पांच-पांच हजार की सहायता राशि दी जाएगी। आठ पशु बाड़ा भी ध्वस्त हुआ है। एडीएम अनिल कुमार ने बताया कि फिलहाल अभी आंधी-पानी व आकाशीय बिजली से चार लोगों की मरने की सूचना है। इसके अलावा लेखपालों को सर्वे के लिए लगाया है।