दया छपरा। बैरिया थाना क्षेत्र के गंगा उस पार नौरंगा भुआल छपरा गांव से दक्षिण बिहार सीमा के समीप पशुपालन विभाग के भवन में संचालित नकली अंग्रेजी शराब के कारखाना पर सोमवार की रात बैरिया पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस ने शराब बनाने के उपकरण के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
बताया जाता है कि पैक्सपैड की ओर से पशुपालन विभाग के लिए बिहार सीमा के पास भवन का निर्माण कराया गया था। इस भवन पर भुआल छपरा निवासी घूरन ठाकुर ने सालों से कब्जा कर डेरा के रूप में तब्दील कर लिया। इसी डेरा में चोरी से नकली अंग्रेजी शराब बनाने का कारखाना भी संचालित किया जाता था। इसकी भनक लगने के बाद सोमवार की रात्रि में बैरिया पुलिस ने छापेमारी की। एसएचओ बैरिया संजय त्रिपाठी ने बताया कि छापेमारी में भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब बनाने का उपकरण, पैकिंग मशीन, अंग्रेजी शराब के रैपर के साथ ही 35 ली. स्प्रिट, 20 लीटर अपमिश्रित शराब बरामद किया गया। बताया कि मौके से भुआल छपरा निवासी पांच लोगों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया।