बलिया। नगर के अमृतपाली स्थित सरकारी बीयर की दुकान व सहसपाली में एक मकान में अवैध शराब की फैक्ट्री संचालित होने के मामले में आबकारी आयुक्त सेंथिल पांडियन सी ने मंगलवार को बलिया क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक नंद लाल चौरसिया को निलंबित कर दिया। साथ ही निलंबन की अवधि में उन्हें आबकारी आयुक्त कार्यालय, प्रयागराज से संबद्ध कर दिया है। इस आशय की जानकारी जिला आबकारी अधिकारी अनुपम राजन ने दी।
बता दें कि बीते 30 जून को सदर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के अमृतपाली स्थित सरकारी बीयर की दुकान व सहसपाली में एक मकान पर छापामारी कर अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस दौरान अमृपाली में 14 ड्रम में 2800 लीटर स्प्रिट बरामद करने के साथ ही सहरसपाली स्थित एक मकान से 6 ड्रम में कुल 1200 लीटर स्प्रिट, 51 पेटी निर्मित अपमिश्रित शराब, 56 पेटी होम्योपैथिक केमिकल, 120 लीटर लाल केमिकल, 6 जॉर अपमिश्रित, शराब बनाने का उपकरण, प्लास्टिक की खाली शीशी, 2 बंडल रैपर, एक पैकेट ढक्कन बरामद किया था।
पुलिस ने मौके से मनोज चौरसिया निवासी अमृतपाली, दीपक पासी निवासी जलालपुर कृष्णा टाकिज, आदित्य कुमार गोंड निवासी ग्राम मिड्ढा अमवा थाना सुखपुरा व सतीश कुमार वर्मा निवासी आर्य समाज रोड को भी गिरफ्तार किया था।