बलिया। जिले की सातों विधानसभा सीटों के लिए 10 मार्च को हुई मतगणना के उपरांत चुनाव कार्य लगी सभी ईवीएम को बृहस्पतिवार की रात में मंडी समिति से वापस लाकर सेंट्रल वेयर हाउस के लाकर में जमा कर दी गई। साथ ही लाकर की चाभी को ट्रेजरी में जमा करा दिया गया। यह जानकारी उपजिलानिर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने दी।
बताया कि मतगणना समाप्त होने और विजेता उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र देने के उपरांत कड़ी सुरक्षा में करीब 2828 ईवीएम को मतगणना स्थल कृषिमंडी समिति से वापस सेंट्रल वेयर हाउस में जमा करा दिया गया। यह प्रक्रिया प्रशासन ने पुरी मुस्तैदी के साथ पूरी की ताकि विधान सभा चुनाव का विधानसभावार डाटा सुरक्षित रहे। मतगणना समाप्त होने और ईवीएम को जमा कराने के बाद शुक्रवार को मंडी समिति अपने पुराने स्वरुप में लौटता दिखा। सुबह से मंडी में व्यापारियों की चहलकदमी और खरीद-फरोख्त शुरु होने से मंडी में गहमागहमी का माहौल रहा। बता दें कि मतदान होने से एक सप्ताह पूर्व ही जिला प्रशासन में मंडी समिति परिसर को अधिगृहित कर लिया था। वहां व्यापारियों की आवाजाही तथा व्यवसायिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। ताकि ईवीएम की सुरक्षा में कोई चूक ना हो सकें।