मनियर क्षेत्र के गंगापुर गांव में मोर्टार मिलने की सूचना पर पहुंची बम निरोधक टीम।संवाद
बलिया/मनियर। थाना क्षेत्र के गंगापुरा गांव में मिले मोर्टार बम की जांच के लिए देर रात आजमगढ़ से बम निरोधक दस्ता पहुंचा। बम को डिफ्यूज करने के लिए बाराबंकी से विशेष निष्क्रिय यंत्र (डिमोलेशन सेट) मंगाया गया है। पुलिस ने बम पाने वाले किशोरों व ग्रामीणों से भी पूछताछ की।
प्लाटून कमांडर प्रमोद यादव के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम ने मोर्टार बम की जांच पड़ताल करने के बाद कब्जे में लेकर सुरक्षा में रखवाया है।
टीम ने मनियर थाने में कैंप किया है। बीडीडीएस टीम ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह सेना का पैराशूट इल्यूमिनेटिंग मोर्टार लग रहा है, जिसका उपयोग युद्ध क्षेत्र में रात के वक्त 30 सेकंड तक उजाला करने के लिए किया जाता है। खुफिया विभाग की टीम मामले पर नजर रख रही है। सोशल मीडिया की भी निगरानी चल रही है।
मनियर कस्बा निवासी राकेश गुप्ता गंगापुर गांव स्थित पुराने ईंट भट्ठे के पास की जमीन की चहारदीवारी करवाने के लिए हो रही खोदाई के दौरान मोर्टार बम मिला था। ग्रामीणों के अनुसार लड़के उसे लोहे का सामान समझ कर साथियों के साथ बेचने के लिए किसी दुकान पर गए थे।
लड़कों ने मोर्टार को तोड़ने का प्रयास किया। गांव के किसी व्यक्ति ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद लड़के मोर्टार बम को उसी स्थान पर रख कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उस जगह की घेरेबंदी कर दी है।
मौके पर फॉरेंसिक टीम ने जांच की। इसके बाद आजमगढ़ बीडीडीएस टीम बस से देर रात गंगापुर पहुंची।