बैरिया। तहसील अंतर्गत रानीगंज-बैरिया मार्ग स्थित रानीगंज बाजार में वाहनों के अव्यवस्थित पार्किंग के कारण भीषण जाम लग गया। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पासवान जब जाम हटवाने पहुंचे तो एक ढाबे के सामने आरोपी पुलिस के साथ उलझ गए। मामले में राहुल सिंह, सौरभ सिंह समेत चार युवकों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पासवान ने बताया कि एक ढाबे के सामने गलत दिशा में खड़ी पिकअप के कारण वाहनों को पास होने में दिक्कत हो रही थी।
पिकअप हटाने के लिए पूछा कि वाहन किसका है और गलत साइड में क्यों खड़ा है। इसपर पास ही स्थित जलपान गृह से चार युवक बाहर निकल आए। वाहन हटाने के बजाय उपनिरीक्षक और साथ में मौजूद पुलिसकर्मियों से उलझ गए। युवकों ने उपनिरीक्षक से मारपीट शुरू कर दी।
स्थिति को बिगड़ता देख पास ही मौजूद उपनिरीक्षक अंकित यादव और उपनिरीक्षक सुमित सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। अन्य पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और दरोगा को बचाया गया।
आरोप है कि भागते समय युवकों ने पुलिस टीम को जान से मारने की धमकी भी दी। उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार पासवान ने तहरीर देकर आरोपियों राहुल सिंह, सौरभ सिंह, रितेश कुमार सिंह निवासी नरायनगढ़ और राहुल कुमार चौधरी निवासी दुर्जनपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने मेरे साथ अभद्रता की और मौके पर मौजूद भीड़ के सामने सरकारी मर्यादा का उल्लंघन किया। हंगामे और बीच-बचाव की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी ने बताया कि पीड़ित उपनिरीक्षक की तहरीर पर बैरिया पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस अब साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ हिंसा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।