बलिया। छठ त्योहार को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के लिए शहर में नो एंट्री और डायवर्जन पॉइंट तय किए गए हैं। यातायात प्रभारी समद खां ने बताया कि सोमवार की सुबह आठ बजे से मंगलवार की रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों का आवागमन पूर्णत: बंद रहेगा।
इस दौरान भारी वाहन शहर से बाहर गड़वार-सुखपुरा मार्ग से होकर गुजरेंगे। चौक क्षेत्र को नो ई-रिक्शा जोन घोषित किया गया है। डायवर्जन के तहत बैरिया की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को चिरैया मोड़ से सहतवार की ओर भेजा जाएगा। वाहन बांसडीह, सुखपुरा, होते हुए गड़वार त्रिकालपुर तिराहा से फेफना व नरहीं की ओर जाएंगे। रसड़ा जाने वाले वाहन उसी मार्ग से फेफना से रसड़ा होकर निकल जाएंगे।
नगरा जाने वाले वाहन गड़वार से नगरा जाएंगे। सिकंदरपुर से आने वाले भारी वाहनों को सुखपुरा से गड़वार के त्रिकालपुर तिराहा से फेफना होकर भरौली या रसड़ा की तरफ भेजा जाएगा। वाहन अगर दुबहड़ हल्दी बैरिया की ओर जाना चाहते हैं, तो सुखपुरा बांसडीह सहतवार होते हुए जाएंगे। गाजीपुर, भरौली या मऊ रसड़ा से आने वाले वाहनों को फेफना गड़वार के त्रिकालपुर से सुखपुरा, बांसडीह, सहतवार होकर बैरिया से मांझी होकर बिहार भेजा जाएगा। टीएसआई समद खां ने व्यापारियों को अपील की कि महावीर घाट से लेकर जगरनाथ तिराहा तक बंधा वाले रोड पर तथा चमन सिंह बाग रोड, गुदरी बाजार, लोहा पट्टी रोड पर कोई भी भारी वाहन खड़ा न कराएं।