बलिया। सावन महीने के दूसरे सोमवार पर विभिन्न शिवालयों में होने वाली आस्थावानों की भीड़ को देखते हुए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की रात तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से जिले को छह जोन व 22 सेक्टर में बांटा गया है।
नगर के बालेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है। महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग लाइन रहेगी। दर्शन के बाद श्रद्धालु निकास गेट से बाहर निकल जाएंगे। सभी जोन की जिम्मेदारी एसडीएम व क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई है। शिव मंदिरों पर बाहर से लेकर गर्भ गृह में सुरक्षा का लेकर पीएसी, पुलिस व महिला जवान तैनात रहेंगी। भीड़ भाड़ वाले मंदिरों की निगरानी के लिए सीसी कैमरा लगाया गया है। मंदिर को भव्य रूप देने के लिए चारों ओर लाइट आदि लगाया गया है। इसके अलावा नगर के शीशमहल, मिड्ढी, देवकली में विमलेश्वर नाथ, असेगा शिव मंदिर आदि पर भी पूरी तैयारी की गई है। भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को लगाया गया है।
श्रावण माह की दूसरे सोमवार को बालेश्वर नाथ मंदिर में 20 हजार से अधिक भक्त दर्शन-पूजन करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की रात तक शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर जाने वाले सभी मार्गों पर ई-रिक्शा, कार सहित अन्य छोटे वाहनों का संचालन देर रात तक बंद रहेंगा। यातायात निरीक्षक गिरीराज सिंह ने बताया कि छपरा की तरफ से आने वाले बड़े वाहन चिरईया मोड़ व भरौली रसड़ा से आने वाले वाहन फेफना से गड़वार, सुखपुरा, बांसडीह, रेवती से होकर चलेगें। वाहनों का रूट डायर्वजन पूर्ण रूप से लागू रहेगा।