बलिया। कोरोना से बचाव के नाम पर अधिकारी सतर्कता बरत रहे हैं। सदर तहसील में बिना अनुमति के किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में मंगलवार को अनुमति के लिए फरियादियों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा।
सदर तहसील में मंगलवार को मुख्य द्वार पर आमलोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया और बिना इंट्री कराए अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। आलम यह रहा दूर दराज के गांवों से आए किसानों को घंटो कतार में खड़ा रहना पड़ा। बताया जाता है कि सदर तहसील में रोजाना सौ से अधिक किसान खतौनी लेने के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा पूर्ति कार्यालय, विभिन्न न्यायालयों में मुकदमा आदि के लिए भी लोग पहुंचते हैं। मंगलवार को तहसील के मुख्य द्वार पर ही पीआरडी व होमगार्ड्स को तैनात कर दिया गया और द्वार के पास ही एक कर्मचारी प्रवेश करने वालों का ब्योरा दर्ज करने लगा। इसके चलते गेट पर ही लंबी कतार लग गई और तहसील में जाने के लिए लोगों को घंटो इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर इस परेशानी का लाभ दलालों व सुरक्षाकर्मियों ने भी खूब उठाया और परेशान लोगों से सुविधा शुल्क लेकर अंदर से खतौनी ले आकर देते रहे। इसके अलावा तहसील के अंदर एसडीएम कार्यालय के बाहर भी यही स्थिति रही और यहां भी कवायद केवल दिखावा रहा और सोशल डिस्टेंस नाम की कोई चीज नहीं रही।
शासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार मुख्य द्वार पर कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर सुरक्षात्मक उपाय किए गए। जल्द ही सैनिटाइजर आदि की भी गेट पर व्यवस्था कराई जाएगी। आमलोगों की सुरक्षा को लेकर ही यह व्यवस्था की गई है। अगर कोई फरियादियों परेशान करता है तो कार्रवाई की जाएगी।
- पं. शिवसागर दुबे, तहसीलदार, बलिया