कुंवर सिंह पीजी कालेज के छात्र संघ अध्यक्ष अभिषेक कुमार यादव के नेतृत्व में छात्रों ने छात्रवृत्ति के लिए समाज कल्याण अधिकारी उपेंद्र कुमार सिंह का घेराव किया।
छात्रों ने समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि छात्र प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति की धनराशि उनके खाते में तत्काल भेजी जाए। चेतावनी दी कि 31 मार्च तक धनराशि नहीं भेजी जाती है तो उग्र आंदोलन करेंगे।
इसके बाद बैठक में छात्रों को संबोधित करते हुए छात्र संघ के अध्यक्ष अभिषेक कुमार यादव ने कहा कि बलिया प्रदेश का सबसे पिछड़ा जनपद है। महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों का एक बड़ा हिस्सा किसान परिवार से आता है।
छात्रवृत्ति निर्गत न होने से छात्र के सामने शैक्षणिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। छात्र नेता मानवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यदि यथा शीघ्र छात्रवृत्ति की राशि छात्रों के खाते में नहीं भेजी जाती तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस पर समाज कल्याण अधिकारी उपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि 31 मार्च तक इंतजार कीजिए। खाते में धनराशि भेज दी जाएगी। पूरी कार्रवाई लखनऊ से होनी है। इस मौके पर राकेश सिंह, मिथिलेश यादव, जावेद, पवन सिंह, आनंद विक्रम सिंह, सुनील कुमार, आशीष प्रताप सिंह, लक्ष्मीकांत गुप्त, चंदन तिवारी, अजय आदि मौजूद रहे।