सहवार कस्बा में घूमता शोरगुल सुनकर भड़का हाथी।
- फोटो : BALLIA
सहतवार (बलिया)। स्व. बद्रीनाथ सिंह चौराहे के पास शनिवार को फल खा रहा एक हाथी शोरगुल सुनकर अचानक बेकाबू हो गया। इस दौरान पूरे बाजार में भगदड़ मच गई। फल समेत आसपास की दुकानों को तोड़ते हुए हाथी शुभनथही गांव पहुंच गया। यहां काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में किया गया।
श्री चैनराम बाबा मठ पर 10 दिनों से बंधे एक हाथी को शनिवार की सुबह महंत राजेश्वर ने महावत के कहने पर खोला और उसको घुमाने स्व. बद्रीनाथ सिंह चौराहे के पास ले गए। यहां महंत हाथी को फल खिला रहे थे, तभी शोरगुल सुन हाथी भड़क गया। फल व अन्य दुकानों को तोड़ते हुए हाथी कस्बा होते हुए शुभनथही गांव पहुंच गया। यहां महंत राजेश्वर दास और महावत ने काफी मशक्कत कर हाथी पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हाथी के भड़कने से पूरे बाजार में भगदड़ मच गई। इस दौरान जो जहां था वहीं से अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़ा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोई बड़ी घटना घटित न हो इसके लिए लोगों को हाथी से बचने के लिए सावधान करती रही।