फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी-पानी से जिले के 200 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। मौसम बदलने के साथ रविवार को आई आंधी-पानी के चलते जिले के 200 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, कई इलाकों में सोमवार की भोर में भी आंधी आई, जिससे कई जगह पेड़ और विद्युत पोल टूट कर गिर गए। बिजली की आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण इलाकों में स्थापित पेयजल नलकूप भी बंद हो गए हैं। उधर, गड़वार क्षेत्र के महाकरपुर में दीवार सहित झोपड़ी गिरने से एक वृद्धा की मौत हो गई।
विज्ञापन

पिछले कई दिनों से मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा लेकिन शाम के बाद आसमान में बादल मंडराने लगा और देरशाम में चमक के साथ तेज हवा के साथ ही पहले बूंदाबांदी शुरू हुई और कुछ ही देर में हल्की बारिश के साथ ओले गिरने लगे। इसके बाद रविवार की सुबह भी आसमान में बादल रहे और धूप भी होती रही। लेकिन अपराह्न में अचानक मौसम ने फिर करवट बदल लिया और तेज हवा के साथ बारिश भी शुरू हो गई। बारिश के बीच ओले भी खूब पड़े। सोमवार की भोर में भी जिले के कई इलाकों में आंधी आई और इसके चलते कहीं विद्युत पोल तो कहीं पेड़ टूट कर गिर पड़े। कई जगह टिन शेड भी हवा में उड़ गए। इसके चलते जिले के 200 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
नगरा: शनिवार की शाम आई आंधी और पानी के चलते नगरा क्षेत्र में 45 घंटे से क्षेत्र के 150 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप है। जिसके चलते दो दिनों से लोगों के सारे कार्य ठप हैं। विद्युत विभाग के संबंधित लोगों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हैं। शनिवार की शाम आई आंधी व पानी ने क्षेत्र के जर्जर विद्युत तारों को नुकसान पहुंचाया। जिसके कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। रविवार को विभाग विद्युत आपूर्ति में जुटा था कि फिर आई आंधी पानी ने बिजली आपूर्ति पर पानी फेर दिया और बिजली पूरी तरह गुल हो गई। लोगों के इनवर्टर, पंखा आदि शोपीस बने हुए हैं। हालांकि बारिश होने से मौसम में बदलाव आया और कुछ देर के लिए ठंडक का एहसास हुआ।
विज्ञापन

वती: सोमवार की सुबह अचानक आंधी चलने लगी। इसके चलते वातावरण का तापमान गिर गया और मौसम काफी सुहावना हो गया। तेज हवाओं की चपेट में आने से रेवती बलिया मुख्य मार्ग पर एक पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे तीन पोल टूट गए और गायघाट की बिजली बाधित हो गई। उधर, छेरडीह के दक्षिण स्थित श्री छपरा में भी दो पोल ध्वस्त हो गए। बिजली विभाग ने तत्परता दिखाते हुए श्री छपरा की लाइन बहाल कर दिया। बिजली विभाग के कर्मियों ने बताया कि गायघाट की लाइन की आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।
दीवार सहित गिरी झोपड़ी, वृद्धा की मौत, एक महिला घायल, दो बकरियां भी मरीं
गड़वार। इलाके के महाकरपुर गांव की हरिजन बस्ती में सोमवार की भोर में आई तेज आंधी में एक रिहायशी झोपड़ी गिर जाने से उसके मलबे में दबकर दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके अलावा दो बकरियां भी दबकर मर गईं। हालांकि परिजन घायलों को अस्पताल ले जा रहे थे कि वृद्धा ने दम तोड़ दिया।
बस्ती में एक रिहायशी झोपड़ी में सुरसतिया देवी (78) पत्नी श्रीकिसुन राम व उनकी बहू करमौती देवी (32) रात में सोयी हुई थीं। झोपड़ी में पांच बकरियां भी बंधी हुई थीं। अचानक सोमवार की भोर में तेज आंधी से दीवार के साथ झोपड़ी गिर गई। जिससे उसके मलबे में दोनों महिलाएं व बकरियां दब गईं। इनके चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण जुट गए और किसी तरह से मलबा हटाकर दोनों महिलाओं को बाहर निकाला। इसमें सुरसतिया देवी का दोनों पैर टूट गया और उनकी बहू करमौती भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। वहीं बकरियां दबकर मर गयीं। घायल महिलाओं को इलाज के लिए ग्रामीणों ने निजी वाहन द्वारा जिला अस्पताल भेजवाया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुरसतिया ने दम तोड़ दिया। सोमवार को हल्का लेखपाल शिवशंकर राम ने मौका मुआयना किया।
आंधी पानी से कई इलाकों में पोल व तार टूटने से बिजली प्रभावित हुई है। कर्मचारी बिजली बहाल करने में जुटे हुए हैं। खासकर सोहांव क्षेत्र में आंधी का अधिक असर रहा और 18 पोल टूट गए हैं। पोल उपलब्ध करा दिया गया है, जल्द उन इलाकों की बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
विज्ञापन

- चंद्रेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वितीय, बलिया
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें