बलिया। कोरोना कर्फ्यू के बाद भी नगर की सड़कों पर घूमने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। सोमवार को सब्जी बाजार से लेकर अन्य बाजारों में दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भीड़ रही। लोग कोविड नियमों की अनदेखी करते हुए दुकानों पर जुटे रहे। सोशल डिस्टेंसिंग की कौन कहे लोग मुंह पर मास्क तक लगाना गंवारा नहीं किए थे। ऐसी स्थिति में कोरोना गाइडलाइन का कितना पालन हो रहा है इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
उधर पुलिस प्रशासन की चेतावनी के बावजूद नगर में कोई दुकान का पिछला दरवाजा खोलकर तो कोई दुकान की खिड़की खोलकर सामानों को बेचता रहा।
कोरोना संक्रमण पर काबू के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू की मियाद बढ़ा दी गई है। इस दौरान जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार की दुकानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। साथ ही कर्फ्यू के दौरान बेवजह बाहर निकलने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है, लेकिन सोमवार को शहर में इसका खास असर नहीं दिखा। बेकाबू होते जा रहे कोरोना संक्रमण को मात देने और प्रतिदिन मिल रहे संक्रमित मरीजों की संख्या को कम करने के लिए सरकार की ओर से लगाए गए कोरोना कर्फ्यू के दौरान बाजारों में बेतहाशा भीड़ देखने को मिल रही है। आलम यह है कि लोग लापरवाही कर रहे हैं और सड़कों पर उमड़ रहे हैं। सोमवार को तो खासकर सब्जी बाजार में इस कदर भीड़ उमड़ी कि सोशल डिस्टेंसिंग भी तार-तार हो गया। शहर के हर मार्ग पर कमोवेश यही स्थिति रही। कोई दुकान का पिछला दरवाजा खोलकर तो कोई दुकान की खिड़की खोलकर सामानों को बेचता रहा। नगर के स्टेशन रोड से लेकर चौक शहीद पार्क, लोहापट्टी, गुदरीबाजार, बड़ा गड़हा, सिनेमा रोड, आर्यसमाज रोड, कासिम बाजार, विशुनीपुर आदि स्थानों पर लोगों की काफी भीड़ रही। आलम यह रहा कि मार्गों पर कई बार जाम की स्थिति भी बनी।
पुलिस ने चार को लिया हिरासत में
बैरिया। रानीगंज बाजार में कोरोना कर्फ्यू नियम के विपरीत दुकान खोलने वाले दुकानदारों के खिलाफ नायब तहसीलदार रजत कुमार सिंह एक्शन मोड में दिखे। दुकानदारों पर उनके गार्ड व चालक ने लाठियां भांजी, जिससे कई लोग चोटिल हुए। भीड़ देख नायब तहसीलदार ने बैरिया कोतवाल को मौके पर फोन करके बुलाया और पुलिस के पहुंचते ही धड़ाधड़ दुकानें बंद होने लगीं। बावजूद इसके पुलिस ने चार दुकानदारों को हिरासत में ले लिया।
ज्ञात हो कि सोमवार को दुकानदार अपनी दुकानें खोले हुए थे। सूचना पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और एक बूट हाउस को खुला देख उसके संचालक को दुकान से बाहर लाकर गाड़ी में बैठा लिया। नायब तहसीलदार की सूचना पर एसएचओ राजीव कुमार मिश्र भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखते ही दुकानदार धड़ाधड़ अपनी दुकानें बंद करने लगे। लेकिन पुलिस ने कोरोना कर्फ्यू के उल्लंघन में चार दुकानदारों को हिरासत में ले लिया। एसएचओ की माने तो हिरासत में लिए गए चारों दुकानदारों का चालान किया जाएगा।
कोरोना कर्फ्यू की अनदेखी कर लग रही बाजारों में भीड़
चितबड़ागांव। नगर पंचायत व आसपास के गांवों में हुई कई मौतों के बाद भी क्षेत्रवासी नहीं चेत रहे। कोरोना कर्फ्यू की अनदेखी कर बाजारों में बेशुमार भीड़ लगी रहती है। पुलिस प्रशासन का भी कहीं खौफ नहीं दिखने से दुकानदार व ग्राहक बिना मॉस्क के बेधड़क खरीद- बिक्री कर रहे हैं। यहां तक कि महिलाओं को छोटे बच्चों के साथ भी उस भीड़ में जानें से कोई खौफ नहीं। सोमवार को सुबह से ही कृषि मंडी समिति के मुख्य द्वार से लेकर कार्यालय तक भीड़ रही।