रेवती। नगर के विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत संविदा कर्मी रणजीत सिंह उर्फ पिंटू सिंह के साथ सोमवार की शाम सहतवार थाना क्षेत्र के छोटकी बेलहरी में हुई मारपीट की घटना को लेकर आक्रोशित संविदा बिजली कर्मियों ने थाना में तहरीर देने के बाद बिजली आपूर्ति ठप कर दिया। उक्त कर्मियों की मांग थी कि मारपीट करने वाले के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाय। काफी मान मनौवल पर तीन घंटे बाधित रहने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
पिंटू ने तहरीर में कहा है कि छोटकी बेलहरी निवासी अमित सिंह ने घर की बिजली की लाईन ठीक करने के लिए मुझे बुलाया था। पैर में चोट के चलते पोल पर चढ़ने से मना करने पर अमित ने मुझसे मारपीट किया तथा मेरी जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए ओर जान से मारने की धमकी दी। बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद नगर तथा गायघाट आदि गांवों के दर्जनों लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। मुन्ना सिंह, बब्लू पाण्डेय सहित कई लोगों के द्वारा विद्युत संविदा कर्मियों से की गई बातचीत तथा मानमनौवल के करीब तीन घंटे बाद बिजली बहाल हो पाई। इस घटना को लेकर विद्युत संविदा कर्मियों में आक्रोश व्याप्त है। कर्मियों ने बताया कि हमारे साथ गाली गलौज तथा मारपीट की घटनाएं हमेशा घटित होती रहती हैं।