बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपते बब्लू पांडेय साथ में अन्य।
- फोटो : BALLIA
बलिया। विद्युत विभाग एक ओर जहां राजस्व बढ़ाने के लिए मीटर लगाने व मीटर रीडिंग पर जोर दे रहा है वहीं इसमें वर्षों से खेल चल रहा है। कई उपभोक्ताओं के यहां तो कागजों पर ही मीटर लगा कर कागजों पर ही रीडिंग भी की जाती है। शिकायत के बावजूद विभाग मौन रहता है।
एक तरफ विद्युत उपभोक्ताओं को राहत के लिए सरकार की ओर से एकमुश्त समाधान योजना का संचालन किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ विभागीय कर्मी हर महीने उपभोक्ताओं को मनमाना बिल जारी कर दे रहा है। इसके चलते लोगों को बिल दुरुस्त कराने के लिए कार्यालयों का चक्कर काटना पड़ता है या फिर विभाग की ओर से लगाए जाने वाले कैंप में भी भीड़ होती है। बताया जाता है कि बिना रीडिंग किए बिल पर मनमाना रीडिंग इंट्री कर दिया जाता है। अधिकांश गांवों के उपभोक्ताओं के यहां तो विभाग आज तक मीटर ही नहीं उपलब्ध नहीं करा सका है, तो कई उपभोक्ताओं के यहां मीटर नहीं होने के बावजूद कागजों में मीटर भी चल रहा है और रीडिंग भी हो रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को बिल दुरुस्त कराने के लिए या तो कार्यालय का चक्कर काटना पड़ता है या फिर विद्युत विभाग के कैंप का इंतजार करना पड़ता है।
ज्ञापन सौंप मीटर घोटाले की जांच की मांग
बलिया। ध्रुवजी सिंह स्मृति सेवा संस्थान पूर के सचिव भानु प्रकाश सिंह बबलू ने अधीक्षण अभियंता को संबोधित ज्ञापन शनिवार को उपखंड अधिकारी चितबड़ागांव को सौंपा। बताया कि बलिया विद्युत वितरण मंडल के अधिकांश गावों में पूर्व में मीटर लगाने के लिए चयनित संस्था द्वारा बिना मीटर लगाए ही कागजों में मीटर लगना दर्शाया गया है। जिससे विद्युत राजस्व की काफी क्षति हो रही है। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों में लगे मीटरों की रीडिंग भी संबंधित संस्था द्वारा नहीं कराया जा रहा है। इस मामले का संज्ञान लेकर घोटाले की जांच कराते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा केंद्र मीटर लगवाने का कार्य कराया जाए।
---------------
उपभोक्ताओं के मीटर रीडिंग व सही बिल जारी करने के लिए कार्यदायी एजेंसी को नोटिस दिया गया है। सुधार नहीं होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
- आरके जैन, अधीक्षण अभियंता, विद्युत