बांसडीह। ई-रिक्शा और ट्रैक्टर की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सीएचसी बांसडीह पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों को गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान ही एक युवक की मौत हो गई। एक घायल को चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। एक घायल का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
मंगलवार देर शाम बांसडीह राजगांव खरौनी मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास खरौनी की तरफ से आ रही ईरिक्शा और विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ईरिक्शे के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना के बाद ट्रैक्टर लेकर चालक भाग गया। मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना में ईरिक्शा सवार निवासी बांसडीह कस्बे के वार्ड 13 निवासी 22 वर्षीय चंदन गोंड पुत्र गणेश प्रसाद की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, ईरिक्शा चालक 25 वर्षीय साहब चौहान पुत्र अजीत चौहान और बिहार निवासी अशोक पुत्र कन्हैया भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चंदन की मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। मृतक चंदन गोंड पेशे से बिजली मिस्त्री का कार्य करता था।