सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के गांधी इंटर कॉलेज के समीप मंगलवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दुखंती राजभर (80)की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सिकंदरपुर कस्बा चौकी प्रभारी अश्वनी कुमार मिश्रा ने बताया कि चक्खान गांव निवासी दुखंती राजभर मंगलवार की शाम घर से टहलने निकले थे। सिकंदरपुर से बलिया की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने गांधी इंटर कॉलेज के पास उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बलिया के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान दुखंती राजभर ने दम तोड़ दिया।