भीमपुरा। किड़िहरापुर- इब्राहिमपट्टी मार्ग स्थित इब्राहिमपट्टी हरिजन बस्ती के पास मंगलवार की शाम को बाइक सवार युवकों ने साइकिल सवार बुजुर्ग को सामने से टक्कर मार दी। जिससे साइकिल सवार वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के उसरी सारधा गांव निवासी संजीत राजभर (28), शशिकांत राजभर (25) व बलिया जनपद के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नागपुर डेहरी निवासी सीपू राजभर (24) एक ही बाइक पर सवार होकर किड़िहरापुर से इब्राहिमपट्टी जा रहे थे। अभी वे इब्राहिमपट्टी हरिजन बस्ती के पास पहुंचे ही थे कि सामने से साइकिल से आ रहे भीमपुरा थाना क्षेत्र के शाहपुर मघया निवासी मदन चौहान (60) को सामने से टक्कर मार दी। जिससे मदन चौहान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि बाइक सवार तीनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन घायलों को आसपास के लोगों ने एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों नगरा पीएचसी के लिए के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक मदन चौहान के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।