बलिया। सदर तहसील के तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने सोमवार को क्षेत्र के पांच गांवों में पराली जलाने का मामला पकड़ा। तहसीलदार ने आठ किसानों पर कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
पराली जलाने के मामले की निगरानी सैटेलाइट से की जा रही है। सैटेलाइट से जिलाधिकारी को सूचना मिली कि सदर तहसील के विभिन्न गांवों में किसानों द्वारा बड़े पैमाने पर पराली जलाई जा रही है। डीएम ने कार्रवाई के लिए सदर तहसीदार को सैटेलाइट से मिले गांवों में भेजा। इसके बाद तहसीलदार ने सबसे पहले पलिगरा कला में एक किसान पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया। इसके बाद आराजी माफी शुक्लपुरा में दो, पड़वार में एक, आराजी माफी करनई में तीन व तपनी गांव में एक किसान के खेत में पराली जलाने के मामले को पकड़ा और इन सभी के खिलाफ 25-25 सौ रुपये का जुर्माना लगाया। तहसीलदार ने बताया कि इन किसानों से मौके पर जुर्माना जमा कराया गया।