बांसडीह रोड। थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव में मंगलवार को एक शराबी ड्राइवर द्वारा पत्नी की हत्या की झूठी सूचना देने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। लखनऊ के मोहनलालगंज निवासी युवक स्थानीय ग्रामीण के यहां चालक के रूप में काम करता है। आरोप है कि शराब के नशे में उसने गांव के चौकीदार का मोबाइल ले लिया और डायल 112 पर फोन कर पत्नी की हत्या कर शव जलाने ले जाने की सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जब लखनऊ में युवक की पत्नी से फोन पर संपर्क किया तो वह सुरक्षित मिली। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और सूचना झूठी साबित हुई। थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि युवक काफी देर से शराब के नशे में गांव में हंगामा कर ग्रामीणों को परेशान कर रहा था। इसी दौरान उसने चौकीदार के मोबाइल से डायल 112 पर फर्जी सूचना दी। जांच में सूचना गलत पाई गई। पुलिस ने युवक को समझाकर मामला शांत कराया।