माडल रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण करते डीआएम बीके पंजीयार और साथ में रेल अधिका?
- फोटो : BALLIA
बैरिया। डीआरएम बीके पंजियार ने शनिवार को सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह गंदगी और जर्जर टिन शेड को देख उन्होंने नाराजगी जताई और खामियों को दूर करने का निर्देश दिया।
छपरा से वापसी के दौरान डीआरएम का विशेष सैलून सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर रुका। डीआरएम ने सबसे पहले स्टेशन के महिला प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतीक्षालय में बैठी महिला यात्रियों में से एक शालिनी मिश्र ने डीआरएम से शिकायत की कि महिला प्रतीक्षालय में कहीं भी मोबाइल चार्जिंग का प्वाइंट नहीं है। डीआरएम ने महिला यात्री की शिकायत को संज्ञान लेते हुए तत्काल मोबाइल चार्जिंग प्वांइट लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने जनरेटर कक्ष के आसपास पसरी गंदगी और जर्जर शेड पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित कर्मचारी को फटकार लगाई और साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। डीआरएम ने एक-एक कर स्टेशन के शौचालय, प्रतीक्षालय, पानी की व्यवस्था तथा स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। जहां-जहां खामी मिली उन्होंने उसे नोट कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को ठीक कराने का निर्देश दिया। डीआरएम तीस मिनट तक स्टेशन पर रहे।
यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी, लगेगा सोलर लाइट: पंजियार : बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम बीके पंजीयार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। रात में बिजली न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सोलर लाइट लगा कर इस समस्या का समाधान किया जाएगा। प्लेटफार्म संख्या दो के उच्चीकरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि महिलाओं व बुजुर्गों को ट्रेन में चढ़ने उतरने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह कार्य दोहरीकरण की वजह से रुका हुआ है। अगर उसे अभी बना दिया जाए तो उसे तोड़ना पड़ सकता है। इसलिए दोहरीकरण के बाद इस समस्या का समाधान हो जाएगा। यह भी कहा कि जल्द ही पूछताछ केंद्र के लिए एक कर्मचारी की तैनाती की जाएगी।