इंदरपुर। जिन विद्यालयों से बच्चों को स्कूल लाने- ले जाने के लिए वाहन संचालित हो रहे हैं, उनके चालकों के चरित्र का सत्यापन होगा। साथ ही उनका आई टेस्ट भी होगा। फिटनेस रहित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। सीज वाहन यदि संचालित होते पाए गए तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। उक्त निर्देश जिला बेसिक अधिकारी ने सभी बीईओ, प्रबंधक व प्रधानाध्यापकों को पत्र भेज कर दिया।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में बीएसए ने निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में परिवहन यान संचालित हैं उन विद्यालयों में जिला विद्यालय परिवहन यान की बैठक नियमानुसार करा कर इसकी कार्यवृत्ति स्कूलवार सहायक संभागीय अधिकारी के कार्यालय में जमा कराएं। साथ ही सभी विद्यालयों के वाहनों की फिटनेस की जांच करा ली जाए। सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम की गतिविधियों को बढ़ाने एवं जागरूक किए गए अभिभावकों , व्यक्तियों की संख्या बढ़ाई जाए। अन्यथा की स्थिति में सभी जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी तथा जिन विद्यालयों में वाहन संचालित हैं के प्रबंधक व प्रधानाध्यापकों की होगी। नगरा के खंड शिक्षा अधिकारी आरपी सिंह का कहना है कि बीएसए के निर्देश के अनुपालन के लिये सभी प्रबंधकों, प्रधानाध्यापकों को अवगत करा दिया गया है।