बलिया। डाॅ. .श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान पखवाड़ा के अंतर्गत नगर विधानसभा क्षेत्र में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें लोक भारती ने शिवरामपुर गंगा घाट पर सफाई कर अपने हरियाली अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। इस दौरान विधानसभा के 376 बूथ शक्ति केंद्रों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए नमन किया।
सभी 376 बूथ शक्ति केंद्रों पर मां के नाम एक पेड़ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। परिवहन मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में नगर के महावीर घाट सहित कई बूथ शक्ति केंद्रों पर पौधरोपण किया गया। इसी क्रम में परिवहन मंत्री के जनसंपर्क कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन हुआ। धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि मां के नाम एक पेड़ अभियान के तहत पूरे विधानसभा में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाना है। इसकी आज शुरुआत की गई। इसमें लोक भारती भी हरियाली अभियान के तहत जनपद भर में हरिशंकरी का पौधा लगाएगा। इसमें जो लोग अपने यहां हरिशंकरी का पौधा लगवाना चाहते हैं वो हमें सूचित करें। हम हरिशंकरी के सारे पौधे ले जाकर वहां खुद लगाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधरोपण को लेकर भाजपा का मूल वाक्य यही है कि प्रकृति को हरा-भरा बनाना है। एक पेड़ मां के नाम लगाना है। आयोजन में सुरजीत सिंह परमार, मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे, नकुल चौबे, महादेव चौबे, श्याम बाबू रौनियार आदि मौजूद रहे।