बलिया। बांसडीह विधानसभा की विधायक केतकी सिंह ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मंत्री डाॅ. संजय निषाद के बलिया पर दिए बयान को दूषित मानसिकता का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि उनका बयान अति आपत्तिजनक व निंदनीय हैं। बलिया के इतिहास के बारे में उनका ज्ञान आधा-अधूरा है। बलिया का जनमानस आपके इस वक्तव्य के लिए आपको कभी माफ नहीं करेगा। पहले आप अपने अल्प ज्ञान को विकसित कीजिए। विधायक ने कहा कि बात चाहे भारतीय साहित्य में योगदान की हो या स्वतंत्रता आंदोन में संघर्ष की, बागी बलिया आगे रहा है। मैं इस बारे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी शिकायत करूंगी। आपको आपत्तिजनक बयान के लिए बागी बलियावासियों से माफी मांगना होगी।
राज्यपाल और सीएम से कार्रवाई की मांग
पंदह/पूर। प्रदेश के मत्स्य मंत्री संजय निषाद के बयान पर धुवजी सिंह स्मृति सेवा संस्थान के सचिव भानु प्रकाश सिंह बबलू ने मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मंत्री के बयान को अमर्यादित बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बलिया वह धरती है जहां 1942 में चित्तू पांडेय के नेतृत्व में ब्रिटिश शासन को शिकस्त देकर स्वतंत्र शासन की स्थापना हुई थी। मंगल पांडेय, राजा केदारनाथ, चंद्रशेखर, हजारी प्रसाद द्विवेदी, परशुराम चतुर्वेदी जैसी विभूतियों की भूमि को दलालों की भूमि बताना स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का अपमान है। -
आपत्तिजनक बयान पर प्राथमिकी की मांग
बलिया। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के विवादित बयान पर क्रिमिनल एंड रेवेन्यू बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव ओंकार सिंह ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पूर्व महासचिव ओंकार सिंह ने बुधवार को एडवोकेट राकेश पांडेय, राजीव रंजन पांडेय, अभिषेक सिंह, विजेंद्र, गणेशानंद, सभासद अमित दुबे के साथ कोतवाली पहुंचे और प्रार्थना पत्र दिया।