बेल्थरारोड क्षेत्र के हल्दीरामपुर में नहर ओवरफ्लो होने से डूबा गेहूं का फसल।
- फोटो : BALLIA
बेल्थरारोड। लघु डाल पंप कैनाल हल्दीरामपुर की माइनर नहर में शुक्रवार की रात अचानक पानी छोड़ दिए जाने से ओवरफ्लो हो गया। नहर ओवरफ्लो हो जाने से आसपास के एक दर्जन से अधिक किसानों के खेत पानी में डूब गए। खेतों में जलजमाव के चलते फसल के बर्बाद होने की संभावना बढ़ गई है। इससे किसानों में हाहाकार मचा हुआ है।
बताया जाता है कि लघु डाल पंप कैनाल हल्दीरामपुर से सम्बद्ध माइनर की नहरें झाड़ झंखाड़ से पट गई है। जिससे नहर में समुचित जल का प्रवाह नहीं हो पाता। हल्दीरामपुर से बहुता चक उपाध्याय जाने वाली नहर की पुलिया झाड़ झंखाड़ के चलते जाम हो गई है। पुलिया जाम हो जाने से नहर में पानी का बहाव रुक गया है। झाड़ झंखाड़ से पट जाने के चलते टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता। इससे नहर के आसपास के क्षेत्र के खेतों की सिंचाई नहीं हो पाती। गत शुक्रवार की रात नहर में अचानक पानी छोड़ दी गई, जिससे ओवर फ्लो होकर पानी महातम यादव, रामबदन यादव, श्रीराम, लालबहादुर समेत एक दर्जन किसानों के खेतों में भर गया। जिससे खेतों में जलजमाव हो गया। इससे फसल नष्ट होने की संभावना बढ़ गई है। इसको लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों का कहना है कि नहर की समुचित साफ-सफाई नहीं की जाती। किसानों ने नहरों की मरम्मत और साफ-सफाई कर जरूरत के मुताबिक पानी छोड़ने की मांग की है।