बलिया-फेफना रेलखंड के दोहरीकरण के लिए ट्रैक का निरीक्षण करते मुख्य संरक्षा अधिकारी साथ में अन्य?
- फोटो : BALLIA
बलिया। छपरा-औड़िहार रेल खंड दोहरीकरण परियोजना के तहत बलिया-फेफना के मध्य नवनिर्मित दूसरी विद्युतीकृत लाइन का संरक्षा परीक्षण शनिवार को लखनऊ पूर्वी परिक्षेत्र के रेल संरक्षा आयुक्त मोहम्मद लतीफ खान ने किया। हालांकि निरीक्षण के बाद समय कम होने के कारण स्पीड ट्रायल नहीं हो सका।
रेल संरक्षा आयुक्त ने सबसे पहले बलिया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही दोहरीकरण के मानक के अनुरूप यार्ड प्लान, इंटरलॉकिंग, ब्लाक यंत्र, स्टेशन वर्किंग रूल, स्टेशन पैनल, पैदल उपरिगामी पुल, प्लेटफार्म, पॉइंट क्रासिंग, सिग्नल आदि को बारीकी से देखा। इसके बाद, मोटर ट्रॉली से बलिया-फेफना रेल खंड के मध्य रेलवे ओवरब्रिज पर ओवरहेड ट्रैक्शन लाइन की ऊंचाई, मानक के अनुरूप क्रॉस ओवर लाइन, विद्युत कर्षण लाइन फिटिंग्स, समपार फाटकों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही स्टेशन वर्किंग रूल और सभी कार्य मानक के अनुरूप करने का निर्देश दिया। इस मौके पर पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) आरके यादव, मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी विजय कुमार पंजियार, मुख्य विद्युत इंजीनियर संतोष बैरवा, मुख्य इंजीनियर निर्माण आशुतोष मिश्रा, मुख्य विद्युत डिजाइन इंजीनियर आरके गुप्ता समेत उप मुख्य संरक्षा अधिकारी बीके शर्मा आदि रहे।