विरोध प्रदर्शन करते दस्तावेज लेखक।
- फोटो : संवाद
बांसडीह। दस्तावेज लेखक संघ के जिलाध्यक्ष पद के चुनाव में एक प्रत्याशी का पर्चा खारिज होने पर बुधवार को बांसडीह तहसील के दस्तावेज संघ के सदस्यों ने चुनाव अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था। आरोप है कि चुनाव अधिकारी ने एक उम्मीदवार को फायदा पहुंचने के लिए नाममात्र की गलती से दूसरे उम्मीद्वार का पर्चा खारिज कर दिया।
तहसील दस्तावेज लेखक संघ के अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए 21 हजार में पर्चा खरीद कर चुनाव अधिकारी प्रेमचंद गुप्ता के समक्ष समय से दाखिल कर दिया गया। चुनाव अधिकारी ने साजिश करते हुए विपक्षी उम्मीदवार को फायदा पहुंचाने के लिए मेरा पर्चा खारिज कर दिया। पूछने पर चुनाव अधिकारी प्रेमशंकर गुप्ता ने बताया कि उस फाॅर्म पर अध्यक्ष पद नहीं लिखे जाने के लिए पर्चा खारिज किया गया है। यह न्यायसंगत नहीं है। दस्तावेज लेखक लालजी राजभर ने बताया कि फाॅर्म देते समय खुद चुनाव अधिकारी ने कहा था कि फाॅर्म में कुछ छूटेगा तो वह स्वयं ठीक कर लेंगे। मामूली सी गलती के लिए किसी को चुनाव से रोक देना न्यायसंगत नहीं है। अजय पाण्डेय, श्रीप्रकाश तिवारी, विश्वनाथ सिंह, वशिष्ठ सिंह,अरुण सिंह आदि लोग मौजूद रहे।