बलिया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर संतोष सिंह से दो युवकों ने बृहस्पतिवार की रात दुर्व्यवहार किया। चिकित्सक का मोबाइल छीनकर फेंक दिया।
चिकित्सक के विरोध करने पर युवक मरीज का इलाज न करने का आरोप लगाते हुए व धमकी देकर चले गए। चिकित्सक ने रात की घटना का वीडियो जारी किया जो सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
चिकित्सकों का कहना है कि इमरजेंसी के सटे अस्थायी पुलिस चौकी के हटने के बाद से चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार व हाथापाई के मामले बढ़ गए हैं। रात में अराजकतत्व अस्पताल परिसर में आ जाते हैं।
डॉ. संतोष सिंह के साथ हुई घटना को लेकर आक्रोश रहा। दोपहर बाद ओपीडी बंद होने पर सभी चिकित्सकों ने सीएमएस कक्ष में बैठक की। डॉक्टर विनोद कुमार सहित अन्य ने अपने-अपने सुझाव दिए। डॉ. संतोष सिंह ने रात की हुई घटना की लिखित शिकायत सीएमएस से की।
इस बाबत सीएमएस डॉ. एसके यादव ने कहा कि अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाने के लिए सुरक्षा गार्ड की संख्या बढ़ाने के लिए लिखा जाएगा। संवाद